करेली।भागीरथ तिवारी शनिवार, 28 सितंबर को आगामी त्योहार शारदेय नवरात्रि पर्व, जवारा विसर्जन, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं दशहरा पर्व में कानून व्यवस्था एवम् अन्य विषयों में चर्चा तथा उनके निराकरण हेतु थाना करेली प्रांगण में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार निर्मल पटले, थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल, जेई एमपीईबी दीपक रघुवंशी द्वारा दुर्गा पंडालों के आयोजक, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिको, पत्रकारजनों

की उपस्थिति में शांति व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। उपस्थितजनों ने नगर में तेज रफ्तार से फर्राटा बाइक दौड़ा रहे बाइकर्स पर नियंत्रण लगाने पुलिस से मांग की। नगर में मांस आदि के विक्रय हेतु स्थान नियत है, इसके विपरीत अवैध रूप से खुलेआम नगर के विभिन्न स्थानों पर लगाई जा रही मांस की दुकानो को भी बंद किए जाने लोगों ने मांग की। बैठक में निर्देशित किया गया कि जो भी दुर्गा समितियां स्थापना कर रही हैं, उनके एक सदस्य को रात्रि में पांडालों में रहना अनिवार्य होगा। गरबा के आयोजन शहर के बाहरी इलाकों में नहीं किए जाएंगे, देर रात्रि तक नहीं चलाए जाएंगे व सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था के माकूल इंतजामों से प्रशासन को पूर्व में अवगत कराया जावेगा।